ट्रायल रूम में वीडियो बनाने के मामले में कार्रवाई की मांग
बृजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न) । शहर की पुरानी तहसील रोड स्थित जमजम कलेक्शन में ट्रायल रूम में एक महिला का वीडियो बनाने के मामले में उठा बवाल अभी भी शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपाइयों, हिंदूवादी संगठनों, व्यापारिक संगठनों, भाजयुमो आदि ने संयुक्त रूप से मंगलवार को चिड़ावा बंद का आह्वान किया। इस दौरान दूध डेयरी और कुछ दुकानों को छोड़कर शहर में लगभग सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। शांतिपूर्ण बंद में दुकानदार खुद सहयोग कर प्रतिष्ठान बंद रखे। शाम होते होते मार्केट की कुछ दुकानें खुल भी गई। शहर की पिलानी रोड, खेतड़ी रोड, पुरानी तहसील रोड, मुख्य बाजार, विवेकानंद चौक, गौशाला रोड, झुंझुनूं रोड, स्टेशन रोड, सूरजगढ़ रोड सहित शहर के अधिकांश इलाकों में बंद का खासा असर देखा गया। वहीं शहर में बंद को देखते हुए डीएसपी विकास धीन्धवाल के निर्देश पर जगह जगह पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात किए गए। पुलिस बाइक और वाहनों में भी शहर में गश्त करती नजर आई।