अवैध खनन पर कार्रवाई, अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रेलर जब्त कर दो आरोपी को किया गिरफ्तार
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । मेहाड़ा पुलिस ने देर शाम को अवैध खनन पर कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर ट्राली व ट्रेलर को जब्त किया गया है। इस दौरान पुलिस ने दो ड्राइवर को भी गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी राममनोहर ठोलिया ने बताया कि पुरानी पुलिस चौकी निजामपुर रोड़ के सामने आम सडक मेहाडा -खेतडी पर नाकाबंदी शुरू की गई। नाकाबंदी के दौरान एक बिना नंबरी ट्रेक्टर ट्रोली व एक ट्रेलर के बजरी से भरा हुआ आया, जिनके ड्राइवर को रोकने का ईशारा देकर रूकवाया। इस दौरान जब दोनों ड्राइवर से नाम पता पुछा तो उसने अपना नाम नागंलिया गुजरवास निवासी लालचंद व दूसरे ने अपना नाम ढाणी लगरिया वाली तन चिरानी निवासी शीशराम थाना मेहाड़ा होना बताया। पुलिस ने दोनों ड्राइवर लालचंद व शीशराम से ट्रेक्टर ट्रोली व ट्रेलर मे भरी बजरी के संबंध में रॉयल्टी व अनुज्ञा पत्र के बारे में पुछताछ की तो कुछ नही होना बताया। जिस पर पुलिस ने अवैध खनन कर चोरी कर ले जाने पर बजरी से भरे ट्रैक्टर ट्राली व ट्रेलर को जब्त कर दोनों ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। खेतड़ी के खनन क्षेत्र में अवैध रूप से खनन होने को लेकर ग्रामीणों की ओर से प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन खनन क्षेत्र हरियाणा सीमा से सटा होने के कारण अवैध रूप से खनन कर राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। थानाधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है तथा मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। इस दौरान टीम में थानाधिकारी राममनोहर ठोलिया, एचसी अमरचंद, कांस्टेबल रोहिताश, देशराज, होशियार सिंह आदि शामिल थे।