पार्क में बैठक के बाद भाजपाइयों का विवेकानंद चौक पर प्रदर्शन
बृजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न) । शहर के एक कपड़ा शोरूम के चेंजिंग रूम (ट्रायल रूम) में युवती का कथित तौर पर अश्लील वीडियो बनाए जाने के मामले को लेकर भाजपाइयों, व्यापारियों और विभिन्न संगठनों ने आक्रोश व्यक्त किया है और क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर चिंता व्यक्त की है। घटना के विरोध में रविवार को हिंदूवादी संगठनों, भाजपा नेताओं और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
कबूतरखाना पार्क में हुई सामूहिक बैठक-
विवेकानन्द चौक पर ज्ञापन देने से पहले कबूतरखाना बस स्टैंड स्थित पार्क में व्यापारियों, हिंदूवादी संगठनों और भाजपा नेताओं की एक सामूहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया और सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस गंभीर मामले में जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन देकर त्वरित व कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
बैठक के बाद सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता वहां से रैली के रूप में पुरानी तहसील होते हुए विवेकानंद चौक पहुंचे।
विवेकानंद चौक पर नारेबाजी और प्रदर्शन-
विवेकानंद चौक पहुंचने पर उपस्थित लोगों ने घटना के विरोध में जबरदस्त नारेबाजी की और आक्रोश प्रकट किया। प्रदर्शन के दौरान ही वहां मौजूद थानाधिकारी (एसआई) कैलाश चंद्र को एसपी के नाम का ज्ञापन सौंपा गया।
इस मौके पर भाजपा नेता राजेश दहिया, नगर अध्यक्ष नरेंद्र गिरधर, विहिप जिलाध्यक्ष पृथ्वीराज शर्मा, विहिप नगर अध्यक्ष गौरव शर्मा, भाजपा युवा मोर्चा जिला मंत्री राजू मराठा, भाजपा युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष अशोक शर्मा, पीयूष बाछूका, बाबूसिंह राजपुरोहित, बिल्लू मुरादपुरिया, आशु स्वामी, नीतिका थालोर, पूजा शर्मा, ख्याति केडिया, महेश शर्मा धन्ना, बजरंग दल अध्यक्ष यमन वर्मा, सुनील भड़िया, भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष बाबूलाल वर्मा, बीएल वर्मा, राहुल भीमराजका, मुकेश खंडेलवाल, मुकेश जलिंद्रा, सुनील टेलर, राजेंद्र शर्मा, विकास पायल, अभिषेक पारीक, रामचंद्र शर्मा, पवन शर्मा नवहाल, अमित सैनी, विकास खंडेलवाल, अमित खंडेलवाल और शेरसिंह सहित काफी संख्या में स्थानीय लोग व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
व्यापार मंडल ने जताई चिंता-
घटना के संबंध में स्थानीय व्यापार मंडल के प्रतिनिधि ने विश्वास दिलाया कि व्यापार मंडल महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के साथ पूरी तरह खड़ा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह न फैलाने और शांति बनाए रखने की अपील की।
ज्ञापन में की गई मुख्य मांगें-
अखिल भारतीय हिन्दू महासभा और समस्त मार्केट कमेटी की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में निम्नलिखित प्रमुख मांगें उठाई गई हैं:
त्वरित व निष्पक्ष जांच: प्रकरण की जल्द से जल्द जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई हो।
बुलडोजर कार्रवाई व सार्वजनिक जुलूस: आरोपियों के व्यावसायिक और आवासीय परिसरों पर बुलडोजर चलाया जाए और कोर्ट ले जाते समय उनका सार्वजनिक जुलूस निकाला जाए।
ट्रायल रूम्स की सघन जांच: चिड़ावा क्षेत्र के समस्त कपड़ा शोरूम, मॉल और गारमेंट्स स्टोर्स के ट्रायल रूम की विशेष जांच की जाए ताकि छिपे हुए कैमरों या रिकॉर्डिंग उपकरणों का पता लगाया जा सके।
महिला कर्मचारियों की अनिवार्यता: गारमेंट्स और रेडीमेड दुकानों पर महिला कर्मचारियों की नियुक्ति अनिवार्य की जाए और सभी स्टाफ का पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाए।
वास्तविक पहचान: व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर उनके वास्तविक मालिकों का नाम स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए।
पुलिस प्रशासन का रुख
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद थानाधिकारी (एसआई) कैलाश चंद्र ने बताया:
“चेंजिंग रूम में वीडियो बनाने के संबंध में व्यापार मंडल और विभिन्न संगठनों ने एसपी साहब के नाम ज्ञापन सौंपा है। इसे तुरंत उच्चाधिकारियों को भेजा जा रहा है। मामले में प्राप्त तथ्यों के आधार पर पूरी तरह से विधिक (कानूनी) कार्रवाई की जाएगी। दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और निर्दोष को कोई परेशानी नहीं होगी।”
फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।