वेस्ट जोन इंटर-यूनिवर्सिटी महिला शतरंज प्रतियोगिता में अहमदाबाद यूनिवर्सिटी चैंपियन
सुरेन्द्र शर्मा
झुंझुनू (नवयत्न)। जेजेटी यूनिवर्सिटी में एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के तत्वावधान में आयोजित वेस्ट जोन इंटर-यूनिवर्सिटी महिला शतरंज प्रतियोगिता 2026-27 का शुक्रवार को समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थानी सेवा संघ मुंबई ट्रस्ट के ट्रस्टी रमाकांत टीबड़ेवाला थे उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि नवरात्रि के अवसर पर देश भर से दुर्गा के रूप में आई देवियों को मैं नमन करता हूं उन्होंने कहा कि शतरंज एक ऐसा खेल है जो दिमाग को शार्प करता है और सही समय पर निर्णय लेने का हुनर सिखाता है। उन्होंने सभी बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जेजेटी विश्वविद्यालय बार-बार उनको आमंत्रित करेगा और आगे बढ़ने के रास्ते दिखाएगा। प्रतियोगिता के अंतिम दिन सातवें और आठवें राउंड के रोमांचक मुकाबले खेले गए। आठ राउंड के मुकाबलों के आधार पर अहमदाबाद यूनिवर्सिटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। डॉ बाबासाहेब आंबेडकर मराठवाड़ा यूनिवर्सिटी ने दूसरा, गोवा यूनिवर्सिटी ने तीसरा तथा सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी ने चौथा स्थान हासिल किया। ये चारों टीमें जयपुर में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी शतरंज प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर गई हैं।
विजेता टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान किए
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में यूनिवर्सिटी के ट्रस्टी एवं फाउंडर मेंबर रमाकांत टीबड़ेवाला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ राजेश कुमार ढाका सचिव खेल शेखावाटी यूनिवर्सिटी, सीए मनीष अग्रवाल, डॉ अरविन्द कुमार महला प्राचार्य मोरारका राजकीय महाविद्यालय नवलगढ़ तथा डॉ राजेश बुरी प्रोफेसर मोरारका राजकीय महाविद्यालय नवलगढ़ शामिल रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के आयोजन सचिव डॉ अरुण कुमार ने बताया कि सातवें राउंड में अहमदाबाद यूनिवर्सिटी ने सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी को 3.5-.5 से पराजित किया। डॉ बाबासाहेब आंबेडकर मराठवाड़ा यूनिवर्सिटी और गोवा यूनिवर्सिटी के बीच मुकाबला 2-2 से बराबर रहा, जबकि मुंबई यूनिवर्सिटी ने संत गाडगे बाबा अमरावती यूनिवर्सिटी को 3.5-.5 से हराया। आरटीएम नागपुर यूनिवर्सिटी ने कवयित्री बहिणाबाई चौधरी उत्तर महाराष्ट्र यूनिवर्सिटी को 3-1 से पराजित किया। एसएनडीटी महिला यूनिवर्सिटी और भारती विद्यापीठ के बीच मुकाबला 2-2 से बराबर रहा। इसी राउंड में राजस्थान यूनिवर्सिटी ने महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा को 3.5-.5 से हराया, जबकि जय नारायण व्यास यूनिवर्सिटी और वीर नर्मद दक्षिण गुजरात यूनिवर्सिटी के बीच मुकाबला 2-2 से बराबर रहा। शिवाजी यूनिवर्सिटी ने गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी को 3-1 से पराजित किया। बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी और गोविंद गुरु जनजातीय यूनिवर्सिटी तथा डॉ सुभाष यूनिवर्सिटी और सम्राट विक्रमादित्य यूनिवर्सिटी के बीच मुकाबले 2-2 से बराबर रहे। आठवें एवं अंतिम राउंड में अहमदाबाद यूनिवर्सिटी ने मुंबई यूनिवर्सिटी को तथा डॉ बाबासाहेब आंबेडकर मराठवाड़ा यूनिवर्सिटी ने शिवाजी यूनिवर्सिटी को 4-0 से हराया। गोवा यूनिवर्सिटी ने आरटीएम नागपुर यूनिवर्सिटी को 3-1 से पराजित किया, जबकि सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी ने राजस्थान यूनिवर्सिटी के विरुद्ध 4-0 से जीत दर्ज की। जय नारायण व्यास यूनिवर्सिटी ने भारती विद्यापीठ को 3-1 से हराया। वीर नर्मद दक्षिण गुजरात यूनिवर्सिटी और एसएनडीटी महिला यूनिवर्सिटी के बीच मुकाबला 2-2 से बराबर रहा। अन्य मुकाबलों में संत गाडगे बाबा अमरावती यूनिवर्सिटी ने सम्राट विक्रमादित्य यूनिवर्सिटी को 4-0 से पराजित किया। कवयित्री बहिणाबाई चौधरी उत्तर महाराष्ट्र यूनिवर्सिटी और जिवाजी यूनिवर्सिटी के बीच मुकाबला 2-2 से बराबर रहा। महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा ने रानी दुर्गावती यूनिवर्सिटी को 3-1 से हराया, जबकि महर्षि दयानंद सरस्वती यूनिवर्सिटी और बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी के बीच मुकाबला 2-2 से बराबर रहा। प्रतियोगिता में राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा की विभिन्न यूनिवर्सिटी की महिला शतरंज टीमों ने भाग लिया। सभी राउंड में प्रतियोगिता का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए गोवा यूनिवर्सिटी से एआईयू के पर्यवेक्षक डॉ सत्यवान हरमालकर प्लेइंग हॉल में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जेजेटी रेडियो निदेशक मंजरी मिश्रा ने किया। इस अवसर पर यूनिवर्सिटी डायरेक्टर उमा टीबड़ेवाल, प्रेसिडेंट डॉ मधु गुप्ता, रजिस्ट्रार डॉ अजीत कुमार, मुख्य वित्त अधिकारी डॉ अमन गुप्ता, डायरेक्टर एस्टेट इंजीनियर बालकृष्ण टीबड़ेवाल, डॉ सुरेन्द्र कुमार, डॉ अनिल कुमार, डॉ रामनिवास सोनी, कपिल जानू, विक्रम तिलोटिया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।