बिना जरूरी दस्तावेजों के पट्टे जारी करने का आरोप, कांग्रेस पार्षद ने ईओ को सौंपा ज्ञापन
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। राजलदेसर नगर पालिका में बिना आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति किए पट्टे जारी किए जाने के आरोप को लेकर कांग्रेस पार्षद लाभचंद सोनी ने सोमवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सीताराम मीणा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पार्षद सोनी ने आरोप लगाया कि अभियान के दौरान तथा उसके बाद कुछ लोगों के साथ मिलकर कृषि भूमि एवं रेलवे बाउंड्री क्षेत्र में कुछ पार्षदों व अन्य प्रभावित लोगों के साथ बिना आवश्यक दस्तावेज पूरे किए पट्टे तैयार किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नए बोर्ड के गठन के बाद भी बिना दस्तावेजों की पूर्णता के सदस्यों के शपथ-पत्र के आधार पर पट्टे बनाए जाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने मांग की कि बिना आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं पूर्ति के कोई भी पट्टा जारी नहीं किया जाए। पहले से तैयार पट्टों की पत्रावलियों में भी सभी आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति करवाकर ही पट्टे जारी किए जाएं। साथ ही पट्टा जारी करने की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित करने की मांग की। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि कुछ पार्षद पट्टों से संबंधित ऐसी पत्रावलियां, जो नगर पालिका कार्यालय में उपलब्ध होनी चाहिए, अपने साथ ले जा रहे हैं। पार्षद सोनी ने पत्रावलियों को कार्यालय से बाहर ले जाने के मामले में एफआईआर दर्ज करवाने तथा संबंधित व्यक्तियों और डीलिंग क्लर्क के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। पार्षद ने पूरे मामले की जांच करवाकर आवश्यक कार्रवाई करने तथा पट्टा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कहीं है ।