करोड़ो की नकदी एवं सोने चांदी के आभूषण हड़पने का आरोप

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ ( नवयत्न) । जिले में सनातन धर्म और संत समाज को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। जिसमें रतनगढ़ क्षेत्र की साध्वी द्वारा 45 वर्षीय राष्ट्रीय संत को प्रेमजाल में फंसाकर करीब एक करोड़ रुपए नकदी व सोने-चांदी के आभूषण व गाड़ियां तांत्रिक विद्या द्वारा सम्मोहन करके हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित संत द्वारा दिए गए नकदी एवं अन्य समान को वापिस मांगने पर संत के साथ मारपीट करने का आरोप पीड़ित द्वारा लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज हुआ है। स्थानीय पुलिस ने चंडीगढ़ निवासी 45 वर्षीय बाबा हरजीतसिंह की रिपोर्ट पर एक साध्वी सहित तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी अनुसार बाबा हरजीत द्वारा दी गई रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि करीब सवा दो साल पहले उसकी तहसील के ग्राम नुवां निवासी साध्वी हेमलता से जान पहचान हुई थी। साध्वी ने बाबा से कहा कि हमारा पिछले छह जन्मों का रिश्ता है। बाबा उसकी बातों में आ गए तथा उसे नकदी रुपए, आभूषण व गाड़ियां दे दी। अलग-अलग किश्तों में बाबा ने साध्वी को करीब एक करोड़ रुपए, चार गाड़ियां, एक बाइक व सोने-चांदी के आभूषण दे दिए। जब दिया गया सामान व रुपए मांगता, तो आश्वासन दे देती और कहती जब दादुद्वारा की दुकानें बिक जाएगी, तब रुपए दे देगी। वर्ष 2025 में उसने ये सब वापिस देने से मना कर दिया और परेशान करने पर आत्महत्या कर झूठे मुकदमे में फंसा देने की धमकी दी। करीब आठ माह पहले साध्वी ने बाबा से कहा कि उसकी पत्नी के अवैध संबंध है। जब उससे नाम पूछा, तो उसने नहीं बताया, जिस पर इन दोनों का झगड़ा हो गया। करीब एक सप्ताह पहले साध्वी ने अपने परिचित जीतू के साथ एक गाड़ी भेजी और एक दिन पहले एक और गाड़ी भेजने के लिए जीतू ने बाबा से संपर्क किया, तो बाबा ने कहा कि वे स्वयं ही रतनगढ़ आ रहे हैं। जब बाबा आश्रम में पहुंचे और संत देवदास को अपनी बात सुनाई। इस दौरान साध्वी हेमलता आवेश में आ गई तथा उल्टा-सीधा बोलते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगी और अपने लोगों को आवाज लगाई, जिस पर 20 – 25 लोग आ गए तथा मारपीट शुरू कर दी व गाड़ी के शीशे भी फोड़ दिए। बाबा की आवाज सुनकर उनके बॉडीगार्ड वहां पहुंचे तथा बीचबचाव किया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही दादू द्वार के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची व घटना की जानकारी लेते हुए भीड़ को हटाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई हेमराज कर रहे हैं।

You might also like