पूर्व विद्यार्थी ने विद्यालय को दिए 51 हजार, कंप्यूटर-प्रिंटर भी देंगे
निसं
बुगाला (नवयत्न)। जाखल में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की भोजन व्यवस्था के लिए सहयोग करने वाले मुंबई प्रवासी पूर्व विद्यार्थी व भामाशाह सत्येंद्र सिंह शेखावत ने विद्यालय को 51 हजार रुपए की सहयोग राशि दी। साथ ही विद्यालय कार्यालय के लिए आधुनिक कंप्यूटर और प्रिंटर सेट देने की घोषणा की। जाखल पहुंचने पर विद्यालय परिवार ने शेखावत का साफा और माला पहनाकर सम्मान किया। शेखावत ने कहा कि वे इसी विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी रहे हैं, इसलिए विद्यालय से उनका विशेष जुड़ाव है। विद्यालय की जरूरत की जानकारी मिलने पर उन्होंने कंप्यूटर-प्रिंटर उपलब्ध कराने की घोषणा की और भविष्य में भी सहयोग का भरोसा दिया। विद्यालय प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार पारीक ने शेखावत का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूर्व विद्यार्थी के रूप में उनका सहयोग विद्यार्थियों और विद्यालय के विकास के लिए प्रेरणादायी है। उल्लेखनीय है कि शेखावत विद्यार्थी जीवन में विद्यालय में गठित पहली बाल संसद के प्रथम प्रधानमंत्री रहे थे।