कुहाड़वास व पचेरी कलां में 41 यूनिट रक्त संग्रहित
मधु दहिया
बुहाना (नवयत्न)। कुहाड़वास और पचेरी कलां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाए गए। खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में आयोजित शिविरों में चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों, ग्रामीणों और युवाओं ने उत्साह से भाग लिया। दोनों जगह कुल 41 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर का शुभारंभ डॉ. जयवीर सिंह भगासरा, कारगिल शहीद सूबेदार मेजर रामपाल सिंह और खंड कार्यालय के अधिकारियों ने किया। पीएचसी पथाना के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. विपिन स्वरूप ने स्वयं रक्तदान कर शिविर की शुरुआत की। रक्त संग्रहण में मेट्रो सिटी ब्लड सेंटर झुंझुनूं की टीम ने सहयोग किया। कुहाड़वास में पायल हॉस्पिटल की ओर से भी शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान करीब 250 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान की शपथ ली। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में मदद मिलती है। डॉ. जयवीर सिंह भगासरा ने जनप्रतिनिधियों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं से आगामी शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।