अमित सारण और निरमा का राज्य स्तरीय प्रबल कार्यक्रम में चयन
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नोखा के बंधड़ा गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के दो विद्यार्थियों अमित सारण एवं निरमा ने जिला स्तरीय प्रबल-2026 कार्यक्रम में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और पांचू ब्लॉक का गौरव बढ़ाया है। दोनों विद्यार्थियों का राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। अब वे जयपुर में आयोजित मॉक विधानसभा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। पीएम श्री राजकीय सादुल स्कूल, बीकानेर में 26 अक्टूबर को आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिले के 10 ब्लॉकों के 20 विद्यार्थियों ने आशुभाषण एवं भाषण प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इनमें से चयनित चार विद्यार्थियों में बंधड़ा विद्यालय के अमित सारण और निरमा भी शामिल हैं। प्रबल कार्यक्रम के जिला प्रभारी डॉ विष्णु दत्त जोशी के अनुसार राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राजस्थान के सभी जिलों के कुल 164 विद्यार्थी मॉक विधानसभा में पक्ष एवं प्रतिपक्ष की भूमिका निभाते हुए राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर बहस करेंगे और कानून निर्माण की प्रक्रिया को समझेंगे। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल एवं संवैधानिक मूल्यों के विकास का महत्वपूर्ण मंच है। कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉ अरुण कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी समग्र शिक्षा कृष्ण कुमार बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी डाइट प्रवीण कुमार खत्री सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। डॉ अरुण कुमार ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने और भविष्य में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के संस्था प्रधान श्याम सुंदर चौधरी, प्रभारी शिक्षिका एवं उपप्राचार्य किरण बिश्नोई, उपप्राचार्य मन्नीराम तथा समस्त विद्यालय स्टाफ ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पांचू ब्लॉक के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुबोध ने भी विद्यार्थियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय के सामूहिक प्रयासों को दिया।