जगदीश जी महाराज मंदिर में तुलसी- पत्रों से अभिषेक एवं पंगत- प्रसादी कार्यक्रम हुआ
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । अरावली की पर्वत-श्रृंखलाओं में प्राकृतिक सौंदर्य के बीच स्थित जगदीश जी महाराज मंदिर में शुक्रवार को त्रिवेणी धाम के संत रामरिछपालदास महाराज के सान्निध्य में तुलसी-पत्रों से भगवान जगन्नाथ -जगदीश स्वामी का अभिषेक हुआ। त्रिवेणी धाम पुजारी रघुनंदनदास महाराज ने बताया कि विद्वान पण्डितों ने साधु-संतों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा -अर्चना के साथ अभिषेक कराया। समापन पर पंगत-प्रसादी हुई।बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंहुचे। उन्होंने बताया कि ब्रह्मलीन परम संत शिरोमणि नारायणदास महाराज की प्रेरणा से पीपल पूर्णिमा पर मंदिर में गाय के दूध से अभिषेक किया गया। विष्णु -सहस्रनाम एवं पुरुष -सुक्त के पाठ हुए। भगवान के चरणों में तुलसी -पत्र अर्पित किए गए। विभिन्न नदियों के जल के साथ गंगाजल से भगवान जगदीश स्वामी के विग्रह का अभिषेक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराया गया। हथौरा धाम के संत प्रभुदास महाराज, पण्डित श्यामशरण शर्मा एवं पण्डित कमल किशोर शर्मा ने पूजा- अर्चना के साथ तुलसी -पत्रों से अभिषेक शुरू कराया। अभिषेक के बाद भव्य तरीके से आरती हुई। भक्तगणों-श्रृद्धालुगणों ने भगवान जगदीश स्वामी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।विश्व हिन्दू परिषद अजीतगढ़ के अध्यक्ष विष्णु दत्त सेठी, त्रिवेणी धाम के बालयोगी महाराज, अनिल कुमार फलोड़, सुनील कुमार फलोड़, जी एल टेलर, कृष्ण मुरारी परवाल, ओमदत्त शर्मा नांगल, रामकिशन यादव,दिनेश गुप्ता सहित अनेक भक्तगण -श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।