वेतन नही मिलने से आक्रोशित उपजिला अस्पताल के एनजीओ कर्मियों व सफाई कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर किया विरोध-प्रदर्शन

सुभाष वर्मा 

तारानगर  (नवयत्न)  ।   तारानगर के राजकीय उप जिला अस्पताल में कार्यरत एनजीओ के अधीन कार्मिकों व सफाई कर्मचारियों ने वेतन न मिलने पर मंगलवार को कार्य बहिष्कार किया। एनजीओ कार्मिकों के कार्य बहिष्कार के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा वंही सफाई कर्मचारियों के कार्य नही करने से अस्पताल की सफाई व्यवस्था भी लड़खड़ा गई।एनजीओ कार्मिकों व सफाई कर्मचारियों ने अस्पताल के आगे नारेबाजी कर धरने पर बैठ गए व एनजीओ संचालकों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्मिकों ने बताया कि वे एनजीओ के माध्यम से उपजिला अस्पताल में विभिन्न पदों पर कार्यरत है और अस्पताल में जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं इसके बावजूद पिछले चार माह से उन्हें एनजीओ संचालक की ओर से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। वेतन न मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और परिवार के पालन-पोषण करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वंही सफाई कर्मचारियों ने बताया कि अस्पताल में सफाई कार्य समय पर व भली प्रकार करने के वाबजूद एनजीओ संचालको की ओर से उन्हें कभी समय पर वेतन नही दिया जाता है जब वे एनजीओ संचालकों से समय पर वेतन देने की मांग करते है तो वेतन नही देने व उन्हें कार्य से हटाने तक की धमकी दी जाती है। एनजीओ कार्मिकों व सफाई कर्मचारियों ने अस्पताल के प्रमुख चिकित्साधिकारी को ज्ञापन देकर शीघ्र व समय पर वेतन का भुगतान दिलवाने की मांग की। उन्होंने वेतन न मिलने पर फिर से कार्य बहिष्कार कर आंदोलन करने की चेतावनी दी। इस मौके पर दिलदारसिंह राठौड़, विकास चोपड़ा, उर्मिला, गणेश, प्रीति, मुस्कान, अंकित, रोहित सैनी, रवि वाल्मीकि, सुनील, कविता, सुखराम आदि एनजीओ कार्मिक तथा सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।  एनजीओ कार्मिकों व सफाई कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने पर कार्य बहिष्कार की सूचना संज्ञान में आने पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने विभाग से एनजीओ के रुके हुए भुगतान बजट को जारी करवाया व उप जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को एनजीओ कार्मिकों तथा सफाई कर्मचारियों को शीघ्र वेतन जारी करने के निर्देश दिए।

You might also like