अंजू शर्मा बनी मिसाल , RAS में दोहरी सफलता से बढ़ाया क्षेत्र का मान
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । खेजरोली नगर पालिका क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण तब आया जब अंजू शर्मा (पत्नी श्री लालचंद शर्मा) ने RAS 2024 में 211वीं रैंक प्राप्त कर सफलता हासिल की। इससे पहले भी उन्होंने RAS 2023 में 241वीं रैंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। लगातार दो वर्षों तक इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता पाना उनके अदम्य आत्मविश्वास, कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है।वर्तमान में अंजू शर्मा अजमेर में तहसीलदार सेवाओं में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं, जहां वे प्रशासनिक कार्यों की बारीकियों को सीख रही हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे खेजरोली क्षेत्र और महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।अंजू शर्मा ने अपने करियर की शुरुआत जोधपुर में शिक्षा विभाग में लैब असिस्टेंट के रूप में की थी। सीमित संसाधनों और जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को कभी कम नहीं होने दिया और निरंतर प्रयास करते हुए आज इस मुकाम तक पहुंचीं। उनकी सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ निश्चय और निरंतर परिश्रम से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।श्री राधास्वामी कॉलेज खेजरोली के निदेशक मोहर सिंह खर्रा प्राचार्य व समस्त स्टाफ ने अंजू शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी।“सपने वो नहीं जो सोते समय देखे जाते हैं, सपने वो हैं जो आपको सोने नहीं देते।”“मेहनत इतनी खामोशी से करो कि सफलता शोर मचा दे।”“हर कठिनाई आपको मजबूत बनाने के लिए आती है, हार मानने के लिए नहीं।”अंजू शर्मा की यह सफलता हर उस छात्र-छात्रा के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं। उनका जीवन यह सिखाता है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो सफलता जरूर कदम चूमती है।