बोर्ड परीक्षा में टॉपर रहने वाली छात्राओं को हवाई यात्रा करवाने की घोषणा

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । शान्तिदेवी कन्दोई चेरिटेबल ट्रस्ट मुम्बई के ट्रस्टी श्यामसुन्दर कन्दोई ने घोषणा की है कि वर्ष 2027 की 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत या अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय टापर रहने वाली बालिका को इनके द्वारा हवाई यात्रा करने का अवसर दिया जायेगा। इसके अन्तर्गत बालिका को अपने एक अभिभावक के साथ बालिका को एसी बस द्वारा जयपुर भिजवाया जायेगा और जयपुर से दिल्ली तक हवाई यात्रा व वापसी में तारानगर तक एसी बस की सुविधा मिलेगी। शान्तिदेवी कंदोई राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय, तारानगर में आयोजित सम्मान समारोह में शांति देवी कन्दोई चेरिटेबल ट्रस्ट मुम्बई के मुख्य ट्रस्टी भामाशाह निरंजन कुमार कन्दोई ने वर्ष 2026 में प्रत्येक कक्षा में प्रथम तीन स्थानों पर रहने वाली कुल 26 बालिकाओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। आपके द्वारा इस विद्यालय को लगातार सम्बलन मिल रहा है। गत सत्र से आपके द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास से आवगमन के लिए बस लगा रखी है।
कार्यक्रम का शुभारम्भ सरस्वती अर्चना और गणेश वन्दना के साथ हुआ। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकार बबलेश शर्मा ने भामाशाह कंदोई परिवार का आभार व्यक्त किया तथा उनकी घोषणा को बालिका शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित बताया। विद्यालय प्रधानाचार्य विश्वनाथ भाटी एवं समस्त विद्यालय परिवार के सदस्यों ने भामाशाहों निरंजन कुमार कन्दोई, भंवरलाल कन्दोई, श्यामसुन्दर कन्दोई, भामाशाह प्रतिनिधि अनिल कुमार सगतानी का अभिनन्दन व आभार व्यक्त किया। कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास की बालिकाओं कल्पना, आइना आदि द्वारा नृत्य सहित पिरामिड की सुन्दर प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाली बालिकाओं को भामाशाह कंदोई परिवार की ओर से 5000/- नकद राशि भेंट की गई तथा सभी को लड्डू का प्रसाद भी वितरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय विकास समिति के वरिष्ठ सदस्य भीखमचन्द सोनी, संजय सगतानी सहित विद्यालय स्टाफ सदस्य तथा छात्राएं उपस्थित थी। कार्यक्रम का संचालन प्राध्यापक सुल्तान सिंह जांगिड़ व उर्मिला ने किया।

You might also like