चिड़ावा के ट्रायल रूम कांड में एक और गिरफ्तारी
विजेंद्र सिंह लामोरिया
चिड़ावा (नवयत्न)। शहर के चर्चित ट्रायल रूम हिडन कैमरा मामले में कोर्ट की ओर से एक बड़ा फैसला आया है। इस बहुचर्चित प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे अदालत ने 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
चिड़ावा शहर की ‘जमजम’ रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान के ट्रायल रूम में एक युवती का हिडन कैमरे से वीडियो बनाने का मामला सामने आया था। सूझबूझ के साथ युवती द्वारा इस पूरे कांड का पर्दाफाश किए जाने के बाद शहर में भारी आक्रोश फैल गया था और चिड़ावा बाजार भी बंद रहे थे। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शाहरुख को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जिसकी हाईकोर्ट में दो बार जमानत याचिका खारिज हो गई।
अब पुलिस ने इसी मामले में मुख्य आरोपी शाहरुख के ताऊ के लड़के अजरुद्दीन को भी गिरफ्तार कर लिया है। एडवोकेट ने बताया कि पुलिस ने आरोपी अजरुद्दीन का मोबाइल फोन जब्त किया है, जो इस मामले में सबसे बड़ा सबूत बना है। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी शाहरुख ने घटना का वीडियो अजरुद्दीन के व्हाट्सएप पर भेजा था और दोनों इस वीडियो को साथ में देखते व इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने सबूत के तौर पर जब्त मोबाइल को सील कर दिया है और इसे एफएसएल जांच के लिए भी भेजा जा सकता है।
शुक्रवार को आरोपी अजरुद्दीन को चिड़ावा कोर्ट में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे 15 दिनों के लिए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की इन्वेस्टिगेशन अभी जारी है और यदि जांच के दौरान कोई अन्य संलिप्त व्यक्ति सामने आता है, तो उस पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस सनसनीखेज घटना को लेकर नागरिकों में अभी भी रोष व्याप्त है।
