सेना के जवान का हृदय गति रुकने से हुआ निधन

निसं 

खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी उपखंड के भारतीय सेना के जवान का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। रविवार को उनके पैतृक गांव मेहाड़ा जाटुवास में सैन्य सम्मान से जवान को अंतिम विदाई दी गई। जानकारी के अनुसार हवलदार महेंद्र सिंह (39) पुत्र चेतराम सिंह 12 जाट रेजीमेंट में मेरठ में तैनात थे। वह एक महिने पहले ही छुट्टी पर अपने गांव आकर वापस ड्यूटी पर गए थे। हवलदार महेंद्र सिंह के अचानक सीने में दर्द होने की शिकायत पर साथी जवानों के सैन्य अस्पताल में ले जाया गया। इसके बाद हालत गंभीर होने पर दिल्ली के आरआर अस्पताल में ले जाया गया, जहां शनिवार को उनका निधन हो गया। जवान का निधन होने की सूचना पर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इस दौरान रात को जवान महेंद्र सिंह की पार्थिव देह को थाने में लाया गया, जहां से सुबह उनकी पार्थिव देह को पैतृक गांव मेहाड़ा जाटुवास लाया गया। युवाओं ने रामपुरा स्टैंड से तिरंगा रैली निकाल कर उनके घर तक ले जाया गया। इसके बाद सैन्य सम्मान से हवलदार महेंद्र सिंह को अंतिम विदाई दी गई। हवलदार महेंद्र सिंह 2016 में भारतीय सेना में झुंझुनूं से भर्ती हुए थे। उनके एक तीन साल का बेटा आरव है। जवान के पिता खेती करते है तथा एक बड़ा भाई जितेंद्र सिंह है। महेंद्र सिंह के निधन की सूचना पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। इस दौरान अलवर से आई सेना की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सुरेंद्र सिंह फौजी ने बताया कि हवलदार महेंद्र सिंह बहुत ही बहादुर जवान थे। उनका निधन होने से क्षेत्र के लोगों को गहरा आघात लगा है। इस दौरान पूर्व मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह, सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सुरेश जांगिड़, करणी सेना जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, कैप्टन केसर देव, पूर्व विधायक दाताराम गुर्जर, पूर्व प्रधान मदन लाल गुर्जर, प्रभू गुर्जर राजोता, दयाराम गुर्जर, तहसीलदार सुनील कुमार मील, एएसआई पतराम, भोमाराम, सुशील घुमरिया, सुरेंद्र दायमा, सलमान खान, सत्येंद्र चौधरी, सत्यवीर सिंह सहित अनेक लोग मौजूद थे।

You might also like