ज्वैलर की आंखों में मिर्च डालकर चांदी के गहने लूटने वाले गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न) । जामडोली थाना पुलिस ने ज्वैलरी कारोबारी की आंखों में सूखी लाल मिर्च डालकर चांदी के आभूषणों से भरा बैग लूटने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए चांदी के जेवर और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबरी स्पलेंडर प्लस बाइक बरामद की है। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
डीसीपी जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा के अनुसार जामडोली निवासी ज्वैलर आकाश खंडेलवाल ने 2 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 अक्टूबर की रात करीब 8 से 8.30 बजे दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौटते समय जामडोली फोर्ट के पास बिना नंबरी बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी आंखों में सूखी लाल मिर्च डाल दी और चांदी के आभूषणों से भरा हैंडबैग लूटकर फरार हो गए।
जिस पर गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सहायता से आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने राहुल गुर्जर (19), निवासी आतेला, भाबरू और अंकित सैनी उर्फ गोलू उर्फ जंगली (19), निवासी देवती बांध, अलवर, हाल जयपुर को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से 6 जोड़ी चांदी की चरकी और 2 जोड़ी चांदी की पायले बरामद हुईं। वारदात में प्रयुक्त स्पलेंडर प्लस बाइक भी जब्त की गई। जांच में सामने आया कि बाइक प्रताप नगर थाने में दर्ज मुकदमे में चोरी की वांछित थी। पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश के साथ दोनों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

You might also like