स्कूटी सर्विस को लेकर हुए मामूली विवाद में युवक पर जानलेवा हमला करने वाले गिरफ्तार
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । रामगंज थाना क्षेत्र में स्कूटी सर्विस के एक मामूली विवाद को लेकर लस्सी की दुकान पर जानलेवा हमला करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल की गई धारदार छुरी भी जब्त कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपितों से पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) के अनुसार परिवादी मोहम्मद नईम कुरैशी (50 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह शिकारियों की मोरी पर लस्सी की दुकान चलाता है। उसने अपनी स्कूटी सर्विसिंग के लिए अबरार मिस्त्री को दी थी। जब उसने बिना काम हुए स्कूटी वापस मांगी तो अबरार ने रुपये मांगे। परिवादी द्वारा इनकार करने पर तीन मई की रात अबरार अपने चार साथियों के साथ दुकान पर पहुँचा और धारदार छुरी से हमला किया जो उसके बाजू में धंस गई। घायल को तुरंत ट्रॉमा सेंटर एसएमएस अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर छुरी बाहर निकाली। इस घटना के बाद आरोपित फरार हो गए थे। पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिरों की मदद से अबरार अहमद (35) निवासी पुरानी दिल्ली हाल जयसिंहपुरा खोर,मोहम्मद कदीम उर्फ मनव्वर (23) निवासी गाजियाबाद (यूपी)हाल निवासी गलता गेट,आफताब (24) निवासी वन विहार कॉलोनी सहित एक अन्य आरोपित को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों से वारदात में काम ली गई तलवारें, लोहे का सरिया और डंडे बरामद करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।