आबुसर पशु चिकित्सालय में परिंडे लगाकर पक्षियों की सेवा का संकल्प, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
संजय सोनी
झुंझुनू (नवयत्न)। झुंझुनूं जिले के आबुसर ग्राम स्थित राजकीय प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय में भीषण गर्मी को देखते हुए बेजुबान पक्षियों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से परिंडे लगाए गए। इस सराहनीय पहल में पर्यावरण प्रेमी एवं पक्षी मित्र संजय शर्मा सहित चिकित्सालय स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में उपनिदेशक डॉ जयपाल सिंह फोगाट, डॉ पूजा थाकन, डॉ सोनू चौधरी, पशुधन प्रसार अधिकारी अनिल बाडेटिया, वरिष्ठ पशुधन प्रसार अधिकारी रोहिताश्व कुमार, पशुधन निरीक्षक दीपचंद, विशाल कुमार, पशुधन परिचर सुभाष चंद्र एवं पशु परिचर मंजू सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ जयपाल सिंह फोगाट ने कहा कि पक्षियों की सेवा करना प्रत्येक व्यक्ति का प्रथम कर्तव्य है। ऐसे कार्य करने से न केवल मन को शांति मिलती है, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी होता है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के पुण्य कार्यों से समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है और ईश्वर भी अच्छे कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
चिकित्सालय स्टाफ ने परिंदों में नियमित रूप से दाना-पानी भरने की जिम्मेदारी भी ली, ताकि गर्मी के मौसम में पक्षियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस पहल को क्षेत्र में सराहा जा रहा है और लोगों को भी इससे प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।