भीषण गर्मी में सावधान रहें, हर घंटे पानी पीना जरूरी

श्रवण सारस्वत
रींगस (नवयत्न) । लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी एवं हीटवेव को देखते हुए उप जिला चिकित्सालय रींगस द्वारा आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। इसी क्रम में अस्पताल परिसर में पक्षियों के लिए पानी के परिंडे भी लगाए गए, ताकि गर्मी के इस मौसम में बेजुबान पक्षियों को भी राहत मिल सके।
SDH रींगस के PMO एवं MD General Medicine विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र सिंह निठारवाल ने कहा कि गर्मी के मौसम में केवल प्यास लगने पर पानी पीना पर्याप्त नहीं है। शरीर लगातार पानी खोता रहता है, इसलिए हर व्यक्ति को नियमित अंतराल पर हर घंटे पानी पीने की आदत अपनानी चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से किसान, मजदूर, दुकानदार, ट्रैफिक पुलिसकर्मी एवं धूप में काम करने वाले लोगों को अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी। साथ ही ORS, छाछ, नींबू पानी, सत्तू, बेल का शरबत एवं नारियल पानी जैसे पेय पदार्थों के सेवन को लाभकारी बताया।
डॉ. निठारवाल ने कहा कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में निकलने से बचें, हल्के सूती कपड़े पहनें, सिर ढककर रखें तथा बच्चों, बुजुर्गों एवं गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने आमजन से अपील की कि गर्मी के इस मौसम में अपने घरों एवं आसपास पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था अवश्य करें। स्थानीय लोगों ने भी अस्पताल परिसर में लगाए गए पानी के परिंदों की सराहना करते हुए इसे एक सकारात्मक एवं प्रेरणादायक पहल बताया। इस दौरान डॉक्टर प्रकाश धायल डॉ अविकेश अग्रवाल नर्सिंग ऑफिसर मोतीराम फूलचंद यादव ताराचंद पोखर मल काजला मनोरी सुंडा अजय धायल शाहिद के लोग मौजूद थे।

You might also like