मिर्जामल पीतर जी महाराज का दो दिवसीय धार्मिक आयोजन धूमधाम से सम्पन्न
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर में श्रद्धा एवं भक्ति के प्रतीक मिर्जा मल पीतर जी महाराज का दो दिवसीय धार्मिक आयोजन श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच धूमधाम से सम्पन्न हुआ। आयोजन में देश-विदेश से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पीतर जी महाराज के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की तथा परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
आयोजन समिति से जुड़े संजय कुमार बैद ने बताया कि शुक्रवार रात्रि को विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें तुलसीराम पांडे एंड पार्टी द्वारा एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं। मधुर भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे नजर आए तथा पूरा परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
शनिवार प्रातः ज्योत कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राजस्थान सहित देश के विभिन्न शहरों एवं विदेशों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने पीतर जी महाराज के दरबार में माथा टेककर अपने परिवार की खुशहाली, सुख-समृद्धि एवं कष्टों से मुक्ति की प्रार्थना की। कई भक्तों ने पीतर जी महाराज से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए अनेक चमत्कारों का उल्लेख किया तथा बताया कि महाराज की कृपा से उनके जीवन के अनेक संकट दूर हुए हैं।
दोपहर में विशाल प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राजलदेसर सहित कोलकाता, मुंबई, असम, सूरत, हैदराबाद एवं दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर राजकुमार विनायक, कमल डागा, मदन बैद, पवन बैद , खेमचंद बरड़िया , रीना बैद , आरती बैद , विमला सेठिया , अमराव , वीना बच्छावत ,आरती , प्रकाश बैद , धनराज बैद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।