किसानों के हितों को लेकर भारतीय किसान संघ की बैठक आयोजित

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । भारतीय किसान संघ, राजलदेसर तहसील कार्यकारिणी की बैठक बुधवार को बीडदीचंद प्रजापत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। जिला कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष करणी सिंह राठौड़, जिला मंत्री चुन्नीलाल प्रजापत एवं तहसील रतनगढ़ अध्यक्ष सार्दुल सिंह ने बताया कि जिले के प्रत्येक खेत तक पानी पहुंचाने की मांग को लेकर 18 सितंबर से प्रस्तावित महापड़ाव को सफल बनाने के लिए राजलदेसर तहसील क्षेत्र से अधिकाधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए तहसील क्षेत्र के सभी गांवों में कार्यकारिणियों का गठन करने पर जोर दिया गया।
वक्ताओं ने किसानों से संगठित होकर आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया। तहसील मंत्री कृष्ण गोपाल शर्मा, श्रवण कुमार सारस्वत, धनराज सैन सहित अन्य वक्ताओं ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियां तेज करने का निर्णय लिया गया।

You might also like