मीरा निकेतन की मेधावी छात्रा भावना सैनी बनी टॉपर, स्कूटी देकर किया सम्मानित
गजेंद्र सिंह
सरदारशहर (नवयत्न)। गांधी विद्या मंदिर संस्थान द्वारा संचालित मीरा निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन राममंच सभागार में हर्षोल्लास के साथ किया गया। समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा 10 की छात्रा भावना सैनी (पुत्री श्री धीरेंद्र सैनी) रही, जिन्होंने पूरे सरदारशहर ब्लॉक में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर संस्थान की ओर से उन्हें स्कूटी भेंट कर सम्मानित किया गया। एसडीएम रामकुमार वर्मा, सीबीओ सुभाष सोनगरा तथा जीवीएम अध्यक्ष हिमांशु दूगड़ ने छात्रा को स्कूटी की चाबी सौंपकर सम्मानित किया।
इसके अलावा कक्षा 8, 10 और 12 में विशेष योग्यता और उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले अन्य विद्यार्थियों को भी स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में जीवीएम सचिव ब्रिगेडियर अजय पति त्रिपाठी, रामप्रसाद पारीक, प्रोफेसर देवेन्द्र मोहन, ओमप्रकाश खाती, मनोज शर्मा एवं कपिल सैनी सहित विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राएं और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गीता सोनी ने किया, जबकि अंत में प्रधानाचार्य रामकुमार स्वामी ने सभी का आभार व्यक्त किया।