कस्वां बोले, भाजपा नेताओं पर दर्ज मुकदमा निरस्त करो
चूरू,(पीयूष शर्मा)31 मई। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कलक्टर को राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर गत 23 मई को सादुलपुर सीआई विष्णुदत्त विश्नोई आत्महत्या प्रकरण के बाद भाजपा नेताओं पर दर्ज मुकदमा निरस्त करने की मांग की।
पूर्व सांसद व वरिष्ठ भाजपा नेता रामसिंह कस्वां व जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में लिखा गया कि गत 23 मई को सादुलपुर सीआई विष्णुदत्त विश्नोई की संदेहास्पद स्थिति में मृत्यु हो गई थी। सूचना मिलने पर पहुंचे चूरू विधायक व उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, पूर्व जिला प्रमुख हरलाल सहारण, पूर्व जिलाध्यक्ष वासुदेव चावला, नोखा विधायक बिहारी विश्नोई, पूर्व सादुलपुर पालिकाध्यक्ष जगदीश बैरासरिया व प्रवीण सरदारपुरा पर लॉक डाउन तोड़ने का मुकदमा दर्ज कर दिया गया। जो कि राजनीतिक षड़यंत्र के तहत किया गया है।
उक्त जनप्रतिनिधि प्रशासन की मदद, शांति स्थापना व पीड़ित परिजनों को संबल प्रदान करने मौके पर पहुंचे थे। जनप्रतिनिधियों के प्रयास से इस संवेदनशील मामले का शांतिपूर्वक समाधान हो सका। ऐसे में पार्टी के नेताओं पर दर्ज मुकदमा शीघ्र निरस्त किया जाए।
ज्ञापन देने वालों में पूर्व जिला प्रमुख हरलाल सहारण, पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट हेमसिंह शेखावत व मंडल अध्यक्ष सुरेश सारस्वत आदि शामिल थे।
निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई को सौंपें प्रकरण
भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अभिषेक चोटिया ने चूरू जिला युवा मोर्चा की ओर से सीएम अशोक गहलोत को मांग पत्र प्रेषित किया। पत्र में लिखा कि सादुलपुर थाने के ईमानदार सीआई विष्णुदत्त विशनोई के आत्महत्या प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो। इसके लिए यह प्रकरण सीबीआई को सौंपा जाए। चूरू जिले के हर युवा के मन की भावना के मुताबिक प्रकरण की सीबीआई जांच करवाकर इसका जल्द खुलासा होना चाहिए।