खेतड़ी में भाजपा की बाड़ेबंदी : प्रत्याशियों को जयपुर ले जाया गया, फार्म हाउस में ठहराया
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। नगरपालिका चुनाव में मतदान के बाद अब बोर्ड बनाने को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी शुरू कर दी है। पार्टी के सभी प्रत्याशियों को खेतड़ी से जयपुर ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें जयपुर के एक फार्म हाउस में ठहराया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रत्याशियों को एकजुट रखने और मतगणना के बाद बोर्ड गठन की रणनीति को लेकर यह कदम उठाया गया है। 9 सितंबर को खेतड़ी नगरपालिका के 25 वार्डों में मतदान हो चुका है। अब सभी की नजरें 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर हैं।
बहुमत के बाद अध्यक्ष पद पर नजर
चुनाव परिणाम आने के बाद बोर्ड बनाने के लिए राजनीतिक जोड़-तोड़ शुरू होने की संभावना है। भाजपा नेताओं की ओर से खेतड़ी में अपना बोर्ड बनाने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में पार्टी ने परिणाम से पहले ही अपने प्रत्याशियों को एक साथ रखने की रणनीति अपनाई है। खेतड़ी नगरपालिका अध्यक्ष का पद महिला ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित है। ऐसे में 25 वार्डों के नतीजे अध्यक्ष पद की तस्वीर तय करने में अहम होंगे। बहुमत का आंकड़ा किसके पक्ष में जाता है और किसे पार्षदों का समर्थन मिलता है, इसी आधार पर अध्यक्ष पद की दावेदारी मजबूत होगी।
14 सितंबर को खुलेगा पत्ता
मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा कि भाजपा और कांग्रेस सहित अन्य प्रत्याशियों में किसके खाते में कितनी सीटें आती हैं। इसके बाद बोर्ड गठन को लेकर सियासी समीकरण तेजी से बदल सकते हैं। भाजपा की ओर से की गई प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी को बोर्ड गठन से पहले की रणनीतिक तैयारी माना जा रहा है। वहीं प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की नजर अब 14 सितंबर के चुनाव परिणाम पर टिकी है।