ज्वैलर्स की दुकान से लाखों के आभूषण चोरी

निसं
चूरू (नवयत्न)। शहर के वार्ड 05 में पंखा रोड स्थित जगदम्बा ज्वैलर्स की दुकान पर गणेशजी की मूर्ति खरीदने के बहाने एक युवक ने करीब 7 लाख 20 हजार रुपए कीमत के सोने के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद दुकान संचालक ने पुलिस को सूचना दी। दुकान मालिक प्रेम सोनी मेहरीवाला के पुत्र सुरेश सोनी ने बताया कि करीब 22-23 वर्षीय एक युवक दुकान पर आया और खुद को जोधपुर निवासी बताते हुए कहा कि वह यहां मजदूरी करता है। युवक ने दुकान पर बैठे सुरेश सोनी से गणेशजी की सोने की मूर्ति खरीदने की बात कही। सुरेश ने युवक को गणेशजी की मूर्ति दिखाई और एक मूर्ति की कीमत 9,200 रुपए बताई। इस पर युवक ने कहा कि उसे करीब 16 हजार रुपए की मूर्ति लेनी है। सुरेश जब मूर्ति को दराज में रखने लगाए इसी दौरान युवक ने मौका पाकर दराज में रखी सोने की चेन और अन्य सोने के आभूषण अपनी पिछली जेब में डाल लिए। चोरी किए गए आभूषणों की कीमत करीब 7 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है। युवक ने सुरेश को 500 रुपए दिए और कहा कि 16 हजार रुपए की मूर्ति तैयार कर देना, वह शाम को आकर ले जाएगा। इसके बाद युवक वहां से चला गया। बाद में आभूषण गायब मिलने पर दुकान संचालक को चोरी का पता चला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस युवक की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।

You might also like