निकाय चुनाव से पहले भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का दिया मंत्र

निसं
बीदासर (नवयत्न)। कस्बे की राधाकृष्ण हवेली में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से विजय संकल्प सभा का आयोजन किया गया। मंडल अध्यक्ष राजेश सोनी की अध्यक्षता में आयोजित सभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी निकाय चुनाव में पार्टी की जीत के लिए पूरी एकजुटता और समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। राठौड़ ने कहा कि बीदासर में पिछले करीब 20 वर्षों से भाजपा का बोर्ड बनता आ रहा है। इस परंपरा को आगे भी कायम रखने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनावी तैयारियों में जुटना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का अध्यक्ष बनाने के लक्ष्य को लेकर सभी कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि पार्टी की ओर से ऐसे कार्यकर्ता को टिकट मिले, जो चुनाव जीतने में सक्षम होने के साथ-साथ संगठन के प्रति निष्ठावान और लंबे समय तक संगठन को मजबूत करने वाला हो। राठौड़ ने पालिका क्षेत्रों के प्रभारियों से भी योग्य एवं जिताऊ कार्यकर्ताओं के चयन की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यकर्ताओं में समन्वय जरूरी : दाधीच
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि प्रदेश के सभी नगर निकायों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय, संवाद और एकजुटता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन की रीति-नीति और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न स्तरों पर जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे। दाधीच ने बताया कि पार्टी की विचारधारा और नीतियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से महिला सम्मेलन, अनुसूचित जाति सम्मेलन, युवा सम्मेलन तथा नवमतदाता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यकर्ताओं की भावनाओं का रखा जाएगा ध्यान : शर्मा
भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और पार्टी में कार्यकर्ताओं की भावनाओं एवं मेहनत का सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण के दौरान सभी कार्यकर्ताओं की भावनाओं और संगठन हित को ध्यान में रखा जाएगा। शर्मा ने कहा कि टिकट घोषित होने के बाद किसी भी प्रकार के मतभेद को पीछे छोड़ते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के समर्थन में पूरी ताकत से चुनाव मैदान में उतरना होगा। संगठन की एकजुटता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और इसी के बल पर आगामी निकाय चुनाव में सफलता हासिल की जाएगी।
कई वरिष्ठ नेताओं ने किया संबोधित
सभा में जिला सह प्रभारी मधु कुमावत, निवर्तमान प्रधान संतोष मेघवाल, पूर्व मंत्री खेमाराम मेघवाल, मंडल प्रभारी देवकिशन मारू सहित अन्य भाजपा नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने आगामी निकाय चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। इस अवसर पर जिला प्रवक्ता अरुण तिवाड़ी, वरिष्ठ भाजपा नेता सांचियायलाल बेद, जुगल किशोर मोदी, महामंत्री गोपाल प्रजापत, ललित माली, सांवर मल सैन, सुरेंद्र सुथार, जयप्रकाश दर्जी, शिवकुमार टांटिया, डूंगरमल सिंघी, मुरलीधर स्वामी, रामनिवास माली, बबलू शर्मा, मांगीलाल भोभरिया, एडवोकेट सज्जन चोटीया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभा के दौरान आगामी निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

You might also like