महाविद्यालय की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग, सौंपा ज्ञापन
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न) । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने राजकीय लोहिया महाविद्यालय की प्राचार्य के माध्यम से महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के परीक्षा नियंत्रक के नाम ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालय परीक्षाओं की तिथि आगे बढ़ाने तथा महाविद्यालय की विभिन्न मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। इससे पूर्व एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
विद्यार्थी परिषद के विभाग संयोजक कुलदीप सिंह जागावत ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा अभी भी तीन गुना विलंब शुल्क के साथ परीक्षा आवेदन पत्र स्वीकार किए जा रहे हैं, जबकि 29 जुलाई से परीक्षाएं शुरू करने की तिथि घोषित की जा चुकी है। हाल ही में आयोजित आरपीएससी की प्रतियोगी परीक्षाओं एवं बीच में पड़े ग्रीष्मकालीन अवकाश के कारण अधिकांश विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम अभी तक पूर्ण नहीं हो पाया है। ऐसे में विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय देने के उद्देश्य से परीक्षा तिथियों को आगे बढ़ाया जाना आवश्यक है।
जिला संयोजक नरेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि चूरू जिले के सबसे बड़े महाविद्यालयों में शामिल राजकीय लोहिया महाविद्यालय में विद्यार्थियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के शौचालयों में नियमित रूप से पानी की व्यवस्था नहीं है और साफ-सफाई का भी अभाव है। परिसर में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है तथा कई स्थानों पर घास एवं झाड़ियां उगी हुई हैं। विवेकानंद वाटिका एवं सरस्वती वाटिका की नियमित साफ-सफाई नहीं होने के साथ ही सूचना पट पर विषयवार कालांश (टाइम-टेबल) भी प्रदर्शित नहीं किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को लेकर महाविद्यालय प्रशासन को कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन बार-बार ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विद्यार्थियों की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और यह महाविद्यालय प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है।
पन सौंपने वालों में झुंझुनू विभाग छात्रा प्रमुख पूजा भाम्भू, प्रांत एसएफडी सहसंयोजक मोनिका राठौड़, चूरू भाग संयोजक वरुण शर्मा, नगर सहमंत्री गर्व रक्षक, निखिल रामसरा, विनोद प्रजापत, रोहित वाल्मीकि, रोहित सैन, हंशु मार्शल, विशाल शर्मा, नरेन्द्र बिसाऊ, हर्षित गोदारा, विवेक जांगिड़, कनवीर सिंह, योगेंद्र जांगिड़, दीपक सैनी, विजय कुमार एवं मोनू कुमार सहित विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।