रक्तदान महोत्सव शिविर 17 सितंबर को

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (अभातेयुप) के निर्देशन में आयोजित रक्तदान अमृत महोत्सव के तहत तेरापंथ युवक परिषद जोरावरपुरा की ओर से 17 सितंबर को तेरापंथ भवन, जोरावरपुरा में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर को लेकर तेयुप कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। रक्तदान शिविर प्रभारी सुरेंद्र कुमार बुच्चा ने बताया कि अभातेयुप के तत्वावधान में 17 से 23 सितंबर तक एक सप्ताह देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों में भी रक्तदान शिविर आयोजित कर रक्त संग्रहण किया जाएगा। पिछले वर्ष अभातेयुप के अभियान के तहत करीब 3.5 लाख यूनिट रक्तदान हुआ था और इस उपलब्धि को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया था। इस वर्ष भी अधिकाधिक रक्त संग्रहण का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी जोरावरपुरा में रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा। उन्होंने नोखा शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के स्वस्थ नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। रक्त किसी कारखाने में तैयार नहीं होता और न ही खेत में पैदा होता है, बल्कि मानव शरीर ही इसका एकमात्र प्राकृतिक स्रोत है। इसलिए स्वस्थ एवं पात्र व्यक्तियों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
सेवा में जुटी तेयुप टीम
रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए तेरापंथ युवक परिषद जोरावरपुरा की टीम पूरी सक्रियता से तैयारियों में जुटी हुई है। तेयुप अध्यक्ष राजेश छाजेड़, मंत्री अरिहंत बुच्चा, रक्तदान प्रभारी सुरेंद्र बुच्चा, सुनील मरोठी, सुनील सुराणा, वीरेन्द्र बुच्चा, नीरज मेहनोत, मनीष पारख, अंकित बेद, हर्ष बेद, दिनेश छाजेड़, मोहित सुराणा, मनोज बुच्चा सहित अन्य सदस्य शिविर की व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।

You might also like