नगर पालिका अध्यक्ष व उपाध्यक्ष दोनों भाजपा के निर्वाचित

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। नगर निकाय चुनाव के बाद श्रीमाधोपुर नगर पालिका में भाजपा ने अध्यक्ष पद के बाद उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा का निर्वाचित हुआ । नगरपालिका परिसर में मंगलवार को उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रोशनलाल बिजारणियां ने 24 मत हासिल कर जीत दर्ज की। कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमलता शर्मा को 10 मत मिले। वहीं वार्ड नंबर 1 की नवनिर्वाचित पार्षद सुमन देवी ने मतदान नहीं किया। उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से रोशन लाल बिजारणियां और कांग्रेस की ओर से निर्दलीय निर्वाचित पार्षद वार्ड नंबर 3 की प्रेमलता शर्मा ने रिटर्निंग अधिकारी सौरव भाम्बु के समक्ष नामांकन दाखिल किया था। मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से नगरपालिका परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिटर्निंग अधिकारी सौरव भाम्बु ने रोशनलाल बिजारणियां को उपाध्यक्ष पद का प्रमाण पत्र सौंपा।
अध्यक्ष-उपाध्यक्ष दोनों पद भाजपा के खाते में
उपाध्यक्ष चुनाव में जीत के साथ ही श्रीमाधोपुर नगरपालिका में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पद भाजपा के खाते में आ गए हैं। इससे पहले 21 सितंबर को हुए अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की शांति देवी ने कांग्रेस के रामनाथ सैनी को हराकर अध्यक्ष पद हासिल किया था। पालिका के 35 वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा के 19, कांग्रेस के 9 और निर्दलीय 7 पार्षद निर्वाचित हुए थे।
जीत के बाद पालिका के बाहर जश्न
परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। नगरपालिका के बाहर कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिंदाबाद और झाबर सिंह खर्रा जिंदाबाद के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष शांति देवी और उपाध्यक्ष रोशनलाल बिजारणियां का कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के निर्वाचित पार्षद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के साथ एकजुट नजर आए और सामूहिक रूप से विक्ट्री साइन करते हुए खुशी जाहिर की। भाजपा जिला महामंत्री अजय सिंह खर्रा का भी कार्यकर्ताओं ने सम्मान किया। इस मौके पर वार्ड नंबर 10 से भाजपा से नवनिर्वाचित पार्षद रामावतार महरडा का वार्डवासियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पूर्व पार्षद सुमन देवी महरडा एवं अशोक कुमार मीणा अध्यक्ष एसटी मोर्चा ने उपस्थित सभी वार्डवासियों का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत सम्मान किया।

You might also like