बस स्टैंड के पास टूटा नाला बना हादसे का सबब, नाले में गिरने से बुजुर्ग हुआ घायल

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । बस स्टैंड के समीप सुखदेव जैन आश्रम के पीछे लंबे समय से टूटा पड़ा नाला आमजन के लिए लगातार खतरा बना हुआ है। नाले की मरम्मत नहीं होने के कारण यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाया है।
गुरुवार को निम्बी जोधा निवासी नवाब गौड लाडनूं के जावा बास अपने बीमार रिश्तेदार से मिलने के लिए लाडनूं आया था। वापस जाते समय बस स्टैंड के आगे सुखदेव आश्रम के मोड़ पर नाले के पास उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे नाले में जा गिरे। हादसे में उनके हाथ, पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घायल को काफी मशक्कत के बाद नाले से बाहर निकाला और उपचार के लिए राजकीय अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यह नाला लंबे समय से क्षतिग्रस्त है और कई बार इसकी मरम्मत की मांग की जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। क्षेत्रवासियों ने PWD विभाग से तत्काल नाले की मरम्मत करवाकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्थायी समाधान करने की मांग की है।

You might also like