सड़क हादसे में बीएसएफ जवान का निधन, पैतृक गांव में सम्मान से किया गया अंतिम संस्कार
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । बुहाना-पचेरी मार्ग पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में घायल बीएसएफ जवान ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बुधवार को उनके पैतृक गांव जयसिंहपुरा में ससम्मान से अंतिम संस्कार किया गया। हादसे में उनके दोनों बेटे भी घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार जयसिंहपुरा निवासी बीएसएफ जवान विनोद कुमार (41) पुत्र कर्ण सिंह मंगलवार को अपने दोनों पुत्रों देव और दक्ष के साथ बाइक पर पचेरी से बुहाना की ओर आ रहे थे। इसी दौरान शिवसिंहपुरा मोड़ के पास सामने से आ रही इक्को गाड़ी से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पचेरी कलां पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को बुहाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झुंझुनूं रेफर कर दिया गया था। उपचार के दौरान बीएसएफ जवान विनोद कुमार ने दम तोड़ दिया, जबकि दोनों बेटों का इलाज जारी है। परिजनों के अनुसार विनोद कुमार बीएसएफ में कार्यरत थे और वर्तमान में छत्तीसगढ़ में तैनात थे। उनके दोनों बेटे कोचिंग कर रहे हैं। बेटों की कोचिंग में अवकाश होने के कारण वह करीब 15 दिन पहले छुट्टी लेकर घर आए थे। विनोद कुमार का जन्म वर्ष 1981 में हुआ था तथा वर्ष 2006 में उनका चयन बीएसएफ में हुआ था। जवान विनोद कुमार के पिता कर्ण सिंह कृषि कार्य करते हैं। जवान की असामयिक मौत से गांव में शोक का माहौल है। इस दौरान युवाओं ने सूरजगढ़ मोड़ से पैतृक गांव जयसिंहपुरा तक तिरंगा यात्रा रैली निकाली गई। इस दौरान हिसार से आई बीएसएफ की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस मौके पर इंस्पेक्टर राधेश्याम कुमावत, बुहाना सीआई बिमला बुडानिया, खेतड़ी बीसीएमओ डॉ हरीश यादव, सत्यनारायण, छोटेलाल, रामसिंह मास्टर, श्रीराम मास्टर, विजय सिंह, रणधीर सिंह, कांस्टेबल सोमवीर लाम्बा, कांस्टेबल होशियार सिंह, कांस्टेबल सुशील, दीपक सहित अनेक लोगों ने पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।