बिजली लाइन लगाने को लेकर ग्रामीणों में विरोध, खातेदारी भूमि से जबरन लाइन लगाने पर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी उपखंड क्षेत्र के लालगढ गांव में थ्री फेज बिजली लाइन कार्य को लेकर ग्रामीणों में विरोध पनप रहा है। बोरिंग के लिए खातेदारी भूमि से जबरन भूमि लेने के विरोध मे ग्रामीणो ने एसडीएम को ज्ञापन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि थ्री फेस लाइन के कार्य के लिए पहले सरकारी भूमि में से बोरिंग व पोल लगाने का कार्य प्रस्तावित किया गया था, लेकिन एक व्यक्ति द्वारा विरोध किए जाने के बाद अब बिजली विभाग द्वारा प्रशासन एवं शासन के सहयोग से खातेदारी भूमि मे बिजली लाइन लगाने के लिए जबरन भूमि लेने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामवासियों द्वारा इस कार्य का लगातार विरोध किया जा रहा है क्योंकि यह निजी खातेदारी भूमि का अधिग्रहण संबंधित भूमि स्वामी एवं ग्रामीणों की सहमती के बिना किया जा रहा है। इससे ग्रामीणो मे भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने उक्त मामले की निष्पक्ष जांच करवा कर खातेदारी भूमि से जबरन भूमि लेने की कार्रवाई को तत्काल रोके जाने व आवश्यक हो तो वैकल्पिक रूप से सरकारी भूमि का उपयोग करने का निवेदन किया। ग्रामीणों ने बताया कि यदि बिजली विभाग द्वारा ग्रामीणों की आपत्तियों एवं मांगों पर ध्यान नहीं दिया जाता है तो ग्रामवासी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध जारी रखेगें। इस संबंध में एसडीएम सुनील कुमार चौहान ने मामले की जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर पवन सैनी, सुनील कुमार, कृष्ण, प्रेम प्रकाश, पंकज सैनी, रतन, प्रदीप, हीरालाल आदि मौजूद रहे।