सड़क पर खड़ी बसें बन रहीं हादसों की वजह
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । शहर के रोडवेज बस स्टैंड पर परिवहन विभाग के नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। निर्धारित काउंटर पर बसें लगाने के बजाय चालक बसों को सुलभ कॉम्प्लेक्स के आगे मुख्य सड़क के बीचों-बीच खड़ा कर रहे हैं। इससे यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है और हर दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कई बार छोटे-मोटे हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है। यात्रियों और आसपास के दुकानदारों का कहना है कि बसों को निर्धारित काउंटर पर लगाने के लिए जब चालक और परिचालकों से कहा जाता है तो वे बात मानने के बजाय बहस और झगड़े पर उतारू हो जाते हैं। इसका खामियाजा आम यात्रियों को भुगतना पड़ता है। सड़क पर खड़ी बसों के कारण यात्रियों को बीच सड़क से चढ़ना-उतरना पड़ता है, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि रोडवेज अधिकारियों द्वारा समय-समय पर बसों को निर्धारित स्थान पर खड़ा करने के निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन इन निर्देशों का पालन नहीं कराया जा रहा। ऐसे में “ढाक के तीन पात” वाली कहावत पूरी तरह चरितार्थ होती नजर आ रही है। चालक-परिचालक न तो अधिकारियों के आदेशों को गंभीरता से लेते हैं और न ही आमजन की परेशानियों की परवाह करते हैं।नागरिकों ने मांग की है कि रोडवेज प्रशासन और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से बस स्टैंड की व्यवस्था में सुधार करें, नियमित निगरानी की जाए तथा नियमों की अवहेलना करने वाले चालक-परिचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।