सामूहिक लोक नृत्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर पीएमश्री की छात्राओं ने राज्यस्तर पर बनाई जगह
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। डीडवाना स्थित टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय युवा महोत्सव में पीएमश्री राजकीय केशर देवी सेठी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, लाडनूं की छात्राओं ने सामूहिक लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया। इस शानदार उपलब्धि के साथ विद्यालय की छात्राओं का राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के लिए चयन हुआ है। अब ये छात्राएं राज्य स्तर पर डीडवाना-कुचामन जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा नसरीन गौरी पुत्री फखरुद्दीन गौरी, नुमाइशा, कुसुम एवं सोनिका ने सामूहिक लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित किया। छात्राओं ने अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से लोक संस्कृति, पारंपरिक कला एवं सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने सभी चयनित छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा जिले का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दी है।