करियर बनाम रिश्ते : इश्क़ एक अधूरी कहानी ने युवाओं को दिया नजरिया
संजय सोनी
झुंझुनू (नवयत्न) । शिक्षा विभाग में कार्यरत लेखिका प्रतिमा उपाध्याय द्वारा लिखी गई पुस्तक ‘इश्क़ एक अधूरी कहानी’ इन दिनों विद्यार्थियों और युवा वर्ग के बीच खासा चर्चा का विषय बनी हुई है। फुल एसडीएम हाफ वाइफ टैलाइन के साथ प्रस्तुत यह पुस्तक केवल एक साधारण प्रेम कहानी नहीं, बल्कि जीवन के कठिन निर्णयों, संघर्ष और त्याग की गहराई को दर्शाने वाली एक संवेदनशील कृति है।
किताब में आधुनिक युवा जीवन की उस सच्चाई को उकेरा गया है, जहाँ व्यक्ति अपने करियर और रिश्तों के बीच संतुलन बनाने की जद्दोजहद में कई बार अधूरा रह जाता है। कहानी यह दर्शाती है कि कैसे बड़े सपनों को हासिल करने की राह में इंसान को अपने निजी संबंधों में समझौते करने पड़ते हैं, जिससे भावनात्मक संघर्ष उत्पन्न होता है।
इस पुस्तक की सबसे खास बात यह है कि इसमें लेखिका के स्वयं के अनुभवों की झलक भी देखने को मिलती है। शिक्षा विभाग में कार्यरत रहते हुए उन्होंने जिस तरह संघर्ष कर अपने लक्ष्य को हासिल किया, वही वास्तविकता कहानी को और भी प्रभावशाली बनाती है।
विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए यह पुस्तक एक प्रेरणा स्रोत के रूप में उभर रही है। यह न केवल उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश देती है, बल्कि यह भी सिखाती है कि सफलता की कीमत कभी-कभी व्यक्तिगत रिश्तों में दूरी के रूप में चुकानी पड़ती है।
यही कारण है कि ‘इश्क़ एक अधूरी कहानी’ आज के युवा वर्ग के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है और उन्हें जीवन के महत्वपूर्ण फैसलों पर गंभीरता से सोचने के लिए प्रेरित कर रही है।