विवाहिता ने डेढ साल के बेटे के साथ ट्रेन के आगे लगाई छलांग
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । मालपुरा गेट थाना इलाके में सोमवार सुबह साढ़े 4 बजे दर्दनाक घटना सामने आई है। एक विवाहिता ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने डेढ़ साल के बेटे को गोद में लेकर ट्रेन के आगे छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जिसके बाद दोनो के शव क्षत-विक्षत होकर रेलवे ट्रेक पर बिखर गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनो के शवों को अपने कब्जे में लेकर महात्मा गांधी अस्पताल के मुर्दाघर में भिजवाया। पुलिस ने गुमशुदगी के आधार पर दोनो कि शिनाख्त कर मामले की जानकारी उसके परिजनों को दी।
पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे प्रिया सिंह (27) अपने डेढ़ साल के बेटे आरविक को गोद में लेकर सीतापुरा स्थित गोवर्धन नगर फाटक के समीप रेलवे ट्रेक पर सामने से आती मालगाड़ी के आगे छलांग लगा दी। जिससे दोनो के शव टुकड़ों के रुप में रेलवे ट्रेक पर बिखर गए।
भाई ने गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए किया था पुलिस से संपर्क
बताया जा रहा है मृतका के भाई ने अपनी बहन और भांजे की गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए पुलिस से संपर्क किया था। जिसके बाद पुलिस ने भाई को शिनाख्तगी के लिए बुलाया। जिसके बाद भाई ने दोनो शवों की शिनाख्त की। मृतका के भाई ने ससुराल वालों पर टॉर्चर और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि प्रिया सिंह के पति पर लाखों रुपयों का कर्जा है। कर्जा चुकाने के लिए वो आए दिन प्रिया पर अपने घर से नकदी मंगवाने का दबाव बना रहा था। पुलिस ने पीड़ित भाई कि शिकायत पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।