धार्मिक प्रश्नोत्तरी में बच्चों ने दिखाया ज्ञान, खुश्बू प्रथम
निसं
उदयपुरवाटी (नवयत्न)। गौरव पथ स्थित दीपक पब्लिक शिक्षण संस्थान माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को विद्यार्थियों को भारतीय धर्म, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से धार्मिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से धर्म, संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी स्मरण शक्ति व ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में खुश्बू सैनी ने प्रथम, गणेश सैनी ने द्वितीय तथा चांदनी सैनी और अश्विनी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। आयोजक डॉ. राजेन्द्र कुमावत ने विजेता विद्यार्थियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। डॉ. राजेन्द्र कुमावत ने कहा कि डिजिटल युग में बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी धर्म-संस्कृति और गौरवशाली अतीत की जानकारी देना भी जरूरी है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में जिज्ञासा, स्मरण शक्ति, तर्क क्षमता और संस्कारों का विकास होता है। कार्यक्रम का संचालन संजय कुमार ने किया। संस्था प्रधान हरलाल सिंह ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के लिए समय-समय पर ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित होने चाहिए। कार्यक्रम में अतिथि शिवपाल सैनी, अभिभावक, विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे।