गुब्बारा फोड़ प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया उत्साह, बालक-बालिका वर्ग में हुई रोमांचक स्पर्धा
निसं
बुगाला (नवयत्न)। गणेश महोत्सव के तहत रविवार को पांडाल में गुब्बारा फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। बालक और बालिका वर्ग में हुई स्पर्धा में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बच्चों को बिना हाथ लगाए गुब्बारे पर बैठकर उसे फोडऩा था। बच्चों ने अलग-अलग अंदाज में गुब्बारे फोडऩे का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों और बच्चों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। बालक वर्ग में ऋषि और सचित शर्मा की जोड़ी प्रथम रही। दोनों ने सात गुब्बारे फोडक़र पहला स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में अनन्या और उनकी साथी ने छह गुब्बारे फोडक़र अपनी प्रतिभा दिखाई। आयोजक मंडल की ओर से विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कपिल कुमावत ने बताया कि गणेश महोत्सव के दौरान बच्चों की प्रतिभा को मंच देने और उनका उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से रोजाना विभिन्न मनोरंजक और ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं। इनमें ग्रामीणों की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है। इस मौके पर नंदकिशोर स्वामी, कपिल कुमावत, मुरारीलाल शर्मा, डॉ रोहिताश्व शर्मा, महेंद्र कुमावत, सुरेश सोनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।