कांग्रेस की पिंकी सैनी बनीं चेयरमैन, भाजपा की रानू गुप्ता को 3 वोट से हराया

निसं
सिंघाना (नवयत्न)। सिंघाना नगरपालिका में सोमवार को चेयरमैन पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी पिंकी सैनी ने जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी रानू गुप्ता को 3 वोट से हराया। पिंकी सैनी को 19 वोट मिले, जबकि रानू गुप्ता के पक्ष में 16 वोट पड़े। मतदान के बाद सहायक रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल बिजारणियां ने पिंकी सैनी को विजेता घोषित किया। चुनाव परिणाम सामने आते ही कांग्रेस समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने मिठाई खिलाकर और नारेबाजी कर जीत का जश्न मनाया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच नवनिर्वाचित चेयरमैन पिंकी सैनी को पुलिस सुरक्षा में उनके घर पहुंचाया गया, जहां स्थानीय लोगों और समर्थकों ने उनका स्वागत किया।
चुनाव के दौरान समर्थकों में कहासुनी
चेयरमैन चुनाव के दौरान भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच कहासुनी भी हुई। बताया गया कि विधायक श्रवण कुमार 20 पार्षदों के साथ नगरपालिका पहुंचे। इस दौरान भाजपा समर्थकों ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के समर्थक आपस में उलझ गए और अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में नारे लगाने लगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को शांत करवाया।

You might also like