बच्चों ने निकाली कांवड़ यात्रा, भोले-पार्वती की झांकी ने मनमोहा
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । श्रावण मास के पावन अवसर पर शनिवार को धार्मिक आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। ए- वन एज्यूकेशन एकेडमी श्रीमाधोपुर के परिसर से नन्हे-मुन्ने बच्चों ने कांवड़ यात्रा निकाली। निदेशक अनिल कुमार मारवाल तथा सपना मारवाल के नेतृत्व में निकली यात्रा में सैकड़ों बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों के हाथों में सजी कांवड़ और जुबां पर भगवान भोलेनाथ के जयकारों से पूरा मार्ग शिवमय नजर आया। कांवड़ यात्रा में भगवान शिव और माता पार्वती की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। डीजे की धार्मिक धुनों पर बच्चे भक्ति में झूमते हुए बावड़ी आश्रम की ओर बढ़े। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कांवड़ यात्रियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। यात्रा बावड़ी आश्रम पहुंचने के बाद बच्चों ने भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की। बच्चों में धार्मिक संस्कार और भारतीय संस्कृति के प्रतिजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस यात्रा को लेकर उनमें खासा उत्साह दिखाई दिया। आयोजकों ने बताया कि श्रावण मास में बच्चों को धर्म, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के लिए कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। नन्हे कांवड़ियों की भक्ति और उत्साह ने राहगीरों व स्थानीय लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।