जनगणना ब्लॉक की सीमाओं का सघन निरीक्षण

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । सहायक चार्ज जनगणना अधिकारी प्रहलाद राय शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीण ब्लॉकों का दौरा कर भौतिक सत्यापन एवं जांच कार्य किया। दौरे के दौरान प्रहलाद राय शर्मा, सहायक प्रोग्रामर राकेश शर्मा और जिला ट्रेनर दिनेश पुरी की संयुक्त टीम ने बल्दू, रताऊ एवं गेनाना जनगणना ब्लॉकों का सघन निरीक्षण किया।​ निरीक्षण टीम ने तीनों गांवों में जाकर जनगणना ब्लॉकों की सीमाओं, मकानों के नंबरों और पूर्व में तैयार किए गए ढांचों का भौतिक मिलान किया। जिला ट्रेनर दिनेश पुरी ने ब्लॉक से जुड़े तकनीकी पहलुओं और मैपिंग की बारीकियों की जांच की, वहीं सहायक प्रोग्रामर राकेश शर्मा ने डिजिटल डेटा और रिकॉर्ड के मिलान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शर्मा ने बताया कि जनगणना एक बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील राष्ट्रीय कार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं छोड़ी जा सकती। उन्होंने स्थानीय प्रगणकों और सुपरवाईजर को निर्देश दिए कि प्रत्येक परिवार और मकान की जानकारी पूरी तरह सटीक होनी चाहिए। सीमाओं के निर्धारण में कोई भ्रम नहीं रहना चाहिए। फील्ड में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों का समय रहते समाधान किया जाने संबंधित निर्देश दिए गए।

You might also like