पांच माह से बंद अंडरपास ग्रामीणों का टूटा संपर्क

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । खानपुर अंडरपास पिछले पांच महीनों से बंद पड़ा होने के कारण क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अंडरपास में लगातार जलभराव रहने से रेलवे प्रशासन ने दोनों ओर नो-एंट्री बोर्ड लगाकर मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
रेल पटरियां पार कर जाना हुआ मजबूरी
गौरतलब है कि जनवरी माह में अंडरपास में जलभराव के कारण एक हादसा होने के बाद रेलवे अधिकारियों ने मौका निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था कर समस्या का स्थाई समाधान करने का आश्वासन दिया था। हालांकि पांच माह बीत जाने के बावजूद न तो जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की गई और न ही अंडरपास को आवागमन के लिए खोला गया। जिससे ग्रामीणों को अपने जरूरी कार्यों के लिए रेल पटरियां पार कर जान जोखिम में डालना पड़ रहा है।
विद्यार्थियों के सामने बड़ा संकट
नगरपालिका प्रशासक हरदयाल रुलाणिया ने बताया कि अंडरपास बंद रहने से खानपुर और बिहानी गांवों का आसोटा, पदमपुरा तथा लाडनूं से सीधा संपर्क प्रभावित हो गया है। मजबूरी में ग्रामीणों को रेल पटरियां पार कर अपनी जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में विद्यालय खुलने वाले हैं अंडरपास के दूसरी तरफ कॉलेज और स्कूल जाने वाले सैकड़ों विद्यार्थियों के सामने सुरक्षा को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। यदि रेलवे प्रशासन शीघ्र समाधान नहीं करता है तो ग्रामीणों के साथ मिलकर जन आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।
इनका कहना है।
रेलवे इंचार्च कुलदीप चौधरी ने बताया कि अंडरपास में पानी रिसाव के प्वाइंट का सर्वे किया जा रहा है। इसके बाद अंडरपास की फ्लोरिंग कर आधा फीट डेप्थ कम की जाएगी और साइडों से पानी का रिसाव रोकने के लिए ग्राउटिंग का काम पूर्ण होते ही आगामी बीस दिनों के भीतर अंडरपास को पुनः शुरू करवा दिया जाएगा।

You might also like