विद्यालय में कंप्यूटर सेट उपलब्ध, शिक्षा को मिलेगा तकनीकी संबल
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जेगनिया बीकान में समाजसेवी कृष्ण कुमार पुरोहित के सहयोग से विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के लिए एक कंप्यूटर सेट मय यूपीएस उपलब्ध करवाया गया। कंप्यूटर मिलने से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल शिक्षा से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर संस्था प्रधान कोजूराम के नेतृत्व में विद्यालय परिवार की ओर से समाजसेवी कृष्ण कुमार पुरोहित का अभिनंदन किया गया। विद्यालय प्रशासन ने प्रेरक पूर्व पीईईओ पुष्पा शेखावत एवं राजलदेसर भाजपा मंडल प्रभारी गिरधारी सिंह राठौड़ के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समाज के भामाशाहों एवं समाजसेवियों का सहयोग विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। समाजसेवी कृष्ण कुमार पुरोहित ने बताया कि शिक्षा को बेहतर बनाने और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस विद्यालय सहित क्षेत्र के कुल छह विद्यालयों में कंप्यूटर सेट, प्रिंटर सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ना समय की आवश्यकता है तथा भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग के प्रयास जारी रहेंगे। विद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कंप्यूटर एवं अन्य शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ डिजिटल ज्ञान हासिल करने में सुविधा मिलेगी। इस दौरान विजेंद्रसिंह, महेंद्रसिंह, नारायणसिंह, भगवानसिंह, जुगलसिंह, श्योपालसिंह, प्रेमसिंह, राजेंद्रसिंह, महेंद्रसिंह, विक्रमसिंह, रूपेंद्रसिंह सहित विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।