फ्रेशर पार्टी एवं शपथ समारोह आयोजित, विद्यार्थियों ने ली मानव सेवा की शपथ
सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। एन एच 52 स्थित स्वामी केशवानन्द नर्सिंग कॉलेज में फ्रेशर पार्टी एवं मानव सेवा की शपथ का कार्यक्रम आयोजित हुआ। चिकित्सा शिक्षा केवल डिग्री और रोजगार तक सीमित नहीं है बल्कि मरीज के प्रति संवेदना, सेवा, अनुशासन, नैतिकता और जिम्मेदारी इसकी मूल भावना है। नर्सिंग विद्यार्थी चिकित्सा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं में प्रशिक्षित नर्सिंग प्रोफेशनल्स की भूमिका लगातार बढ़ रही है। यह बात राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज जयपुर के डीन डॉ घनश्याम जांगिड़ ने कही। वे एनएच-52 स्थित स्वामी केशवानंद कॉलेज ऑफ नर्सिंग, सीकर में आयोजित फ्रेशर पार्टी एवं शपथ समारोह-2026 को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। विशिष्ट अतिथि राजकीय नर्सिंग कॉलेज, सीकर के प्राचार्य वीरेंद्र सिंह चाहर रहे। डॉ जांगिड़ ने बीएससी नर्सिंग विद्यार्थियों को चिकित्सा एवं नर्सिंग शिक्षा में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए कहा कि आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था में नर्सिंग का दायरा तेजी से विस्तृत हुआ है। विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ क्लिनिकल स्किल, मरीजों की देखभाल, संवाद क्षमता, मेडिकल एथिक्स और नई चिकित्सा तकनीकों की समझ विकसित करनी चाहिए। नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर कौशल विकास से विद्यार्थी नर्सिंग क्षेत्र में बेहतर भविष्य बना सकते हैं। समारोह में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल शपथ लेकर नर्सिंग सेवा में मानवता, कर्तव्यनिष्ठा, गोपनीयता, संवेदनशीलता एवं मरीजों के प्रति समर्पण बनाए रखने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों को बताया गया कि नर्सिंग प्रोफेशन में तकनीकी दक्षता जितनी महत्वपूर्ण है, उतना ही जरूरी मरीज और उसके परिजनों के प्रति मानवीय व्यवहार है। संस्थान निदेशक रामनिवास ढाका ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा में विद्यार्थियों को केवल परीक्षा उत्तीर्ण करने के उद्देश्य से तैयार करने के बजाय उन्हें कुशल, अनुशासित, संवेदनशील और जिम्मेदार हेल्थकेयर प्रोफेशनल बनाना आवश्यक है। बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ प्रैक्टिकल एवं क्लिनिकल प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देना चाहिए ताकि वे भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं में प्रभावी भूमिका निभा सकें। फ्रेशर पार्टी में सीनियर विद्यार्थियों ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी तथा विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों ने मेरिट सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। फ्रेशर प्रतियोगिता में खुशबू गोदारा एवं महक यादव को मिस फ्रेशर जबकि साहिल पठान एवं संदीप कुमार को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। कार्यक्रम में संस्थान के चेयरमैन सुरेंद्र सिंह ढाका, सह-निदेशक गोपाल सिंह, सीईओ साहिल ढाका, कैंपस हेड राहुल ढाका, कॉलेज प्राचार्य डॉ महेश कुमावत सहित शिक्षक, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्राचार्य डॉ कुमावत ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार जताया।