नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक आयोजित

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । आगामी नगर पालिका चुनाव के मद्देनजर शहर एवं देहात ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में विधायक पूसाराम गोदारा के नेतृत्व में संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रभारी सुनील महला विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इलियास खान ने की। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक पूसाराम गोदारा ने कहा कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ता आज से ही चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुट जाएं और स्थानीय व प्रदेश स्तर के जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा विकास और जनसेवा की राजनीति करती रही है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार शहर में कोई नया उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं करवा सकी। शहर में जो भी अभी तक विकास कार्य हुए हैं, वे पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की बजट घोषणाओं, कांग्रेस नगर पालिका बोर्ड के कार्यकाल तथा विधायक कोष से स्वीकृत कार्यों के ही परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भी हमने बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे जनहित के मुद्दों एवं आमजन की समस्याओं के समाधान का हरसंभव प्रयास किया। शहर में बनी सड़कें भी कांग्रेस शासन एवं कांग्रेस बोर्ड के समय स्वीकृत होकर बनी हैं। नगरपालिका में प्रशासक नियुक्त होने के बाद आमजन को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड में मतदाताओं एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं से राय-मशविरा कर ऐसे उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। जो जनता की पहली पसंद होने के साथ-साथ जिताऊ एवं टिकाऊ हों। उसे ही पार्टी स्तर पर उम्मीदवार बनाया जाएगा । कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर कंधे से कंधा मिलाकर चुनाव लड़ेगी।
बैठक को प्रभारी सुनील महला, वरिष्ठ नेता रमेश चंद्र इंदौरिया, भंवरलाल जसैल, गिरधारी लाल बांगड़वा, पंडित महेश चंद्र पुरोहित, अरविंद चाकलान, कल्याण सिंह शेखावत, अजय बणसिया, निरंजन तामड़ायत, हेमंत सारस्वत, सुरेंद्र हुड्डा, शाहरुख खान एवं इलियास खान ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने कांग्रेस की एकजुटता दिखाते हुए संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनाव पूरी ताकत से लड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन भानीराम मेघवाल ने किया।

You might also like