कांग्रेस नेताओं ने नहीं लगने दी बाबा साहेब की मूर्ति : कुलदीप
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । स्थानीय नगर परिषद के बाहर चल रहे कांग्रेस के धरने को लेकर बीजेपी एस सी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता बाबूलाल कुलदीप ने तंज कसते हुए कांग्रेस को जन विरोधी बताया है। प्रदेश प्रवक्ता बाबूलाल कुलदीप ने कहा कि अभी फरवरी में ही कांग्रेस की सभापति का कार्यकाल पूरा हुआ है, तो उन्होंने सारे टेंडर समय पर क्यों नहीं जारी किए? लेकिन अब जब चुनाव होने हैं, तो धरना प्रदर्शन के बहाने कांग्रेस जनता को मूर्ख बनाने का काम कर रही है। कुलदीप ने कहा कि ट्रैक्टर्स का टेंडर हथियाने के लिए महापुरुषों की मूर्तियां लगाने की मांग करने की आड़ ली जा रही है। लेकिन जनता बेवकूफ नहीं बनेगी। कुलदीप ने बताया कि मामले को लेकर कद्दावर नेता राजेंद्र राठौड़ से मिलकर उन्हें वस्तु स्थिति से अवगत करवाया गया है। बाबूलाल कुलदीप ने कहा कि ग्रीन स्पेस पार्क में बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की मूर्ति लगने वाली थी, लेकिन उस कार्य को रोकने का काम कांग्रेस के लोगों ने किया है। कुलदीप ने कहा कि जब – जब बाबा साहेब की मूर्ति लगने की बात आई, तो कांग्रेस नेताओं ने विधायक मनोज मेघवाल को खुश करने के लिए दिवंगत मंत्री मास्टर भंवरलाल मेघवाल की मूर्ति साथ में लगाने की बातें कहकर इस कार्य में अड़ंगा लगाने का काम किया। कुलदीप ने कहा कि ज्यों ही नया चेयरमैन बनेगा, तब सबसे पहले ग्रीन स्पेस पार्क में बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की मूर्ति लगाने का काम किया जाएगा।