गोशालाओं में नि:शुल्क पशु चिकित्सा एवं पशु बांझपन निवारण शिविर आयोजित
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । अजीतगढ़ ब्लॉक की गोशालाओं में गुरुवार को पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत के जन्मदिन पर पशुपालन विभाग द्वारा निःशुल्क पशु चिकित्सा एवं पशु बांझपन निवारण शिविर का आयोजन करके पशुपालकों को राहत एवं गौसेवा कार्य किया गया। पशुपालन अजीतगढ़ नोडल अधिकारी डॉ.वीरेंद्र कुमार कुड़ी के मुताबिक अजीतगढ़ ब्लॉक की गोशालाओं में पशुपालन विभाग द्वारा गुरुवार को नि: शुल्क पशु चिकित्सा एवं पशु बांझपन निवारण शिविर आयोजित करके पशुपालकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा गर्मी के मौसम में पशुओं के खान पान, रहन सहन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। वहीं गौशालाओं गौसेवा को लेकर गौवंश को हरा चारा, गुड, तरबूज, खीरा आदि खिलाया गया। पशुपालन कार्मिकों ने बीमार गौवंश का उपचार किया। उपचार के दौरान गोशाला प्रबंधन को भी गर्मी के भीषण दौर में गौवंश के लिए आवश्यक एडवाइजरी के पालन तथा किसी भी प्रकार के स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नजदीकी पशु चिकित्सालय, केंद्र के कार्मिकों को सूचित करने का सन्देश दिया। इस दौरान अजीतगढ़ में श्री कृष्ण गोशाला में शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पशुधन प्रसार अधिकारी महेंद्र सिंह शेखावत, सीमा यादव, अर्चना मीणा समेत अनेक गौसेवक मौजूद थे।