भाजपा के 13 पार्षदों के बावजूद कांग्रेस को मिली जीत
निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। नगर पालिका चेयरमैन चुनाव में सोमवार को बिसाऊ की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। चुनाव से पहले भाजपा के 13 और कांग्रेस के 12 पार्षद थे, लेकिन मतदान के दौरान क्रॉस वोटिंग से पूरा राजनीतिक गणित बदल गया। कांग्रेस प्रत्याशी सलमा सैयद को 13 वोट, जबकि भाजपा की सोनम सिरस्वा को 12 वोट मिले। इस तरह कांग्रेस ने एक वोट के अंतर से चेयरमैन पद पर जीत दर्ज कर ली। सलमा सैयद पत्नी सलीम सैयद बिसाऊ नगर पालिका की चौथी महिला चेयरमैन बनी हैं। उनके निर्वाचन के साथ ही 13 पार्षदों वाली भाजपा के बहुमत का गणित बिगड़ गया और 12 पार्षदों वाली कांग्रेस ने बोर्ड पर कब्जा कर लिया। चुनाव परिणाम के बाद बिसाऊ की राजनीति में क्रॉस वोटिंग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। एक वोट के अंतर से आया यह परिणाम नगर पालिका के राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।