कांग्रेस ने फूंका चुनावी बिगुल, टिकट दावेदारों से गोदारा ने लिया फीडबैक
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। नगर निकाय चुनाव की आहट के साथ राजलदेसर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। टिकट वितरण को लेकर कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में नगर कांग्रेस कमेटी की बैठक यूनियन क्लब अतिथि भवन में नगर अध्यक्ष खेमचंद बरडिय़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा, जिला सह प्रभारी दिनेश कस्वां तथा विधानसभा प्रभारी सुनील सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा आगामी नगरपालिका चुनाव में टिकट वितरण और जीताऊ उम्मीदवारों के चयन को लेकर रही। अलग-अलग वार्डों से पहुंचे दावेदारों और कार्यकर्ताओं से नेताओं ने फीडबैक लिया तथा संभावित उम्मीदवारों की जमीनी स्थिति पर चर्चा की। विधायक गोदारा ने स्पष्ट संकेत देते हुए कहा कि पार्टी की प्राथमिकता ऐसे उम्मीदवारों को टिकट देने की रहेगी, जो जीतने की क्षमता रखने के साथ संगठन के लिए टिकाऊ साबित हो। कांग्रेस की बैठक में जिस तरह वार्डवार फीडबैक लिया गया, उससे टिकट के दावेदारों की धडक़नें बढ़ गई हैं। माना जा रहा है कि पार्टी संगठन अब केवल व्यक्तिगत दावेदारी के बजाय वार्ड में पकड़, कार्यकर्ताओं के बीच स्वीकार्यता और चुनाव जीतने की क्षमता को प्रमुख आधार बनाएगा। बैठक के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज हो गई कि कांग्रेस जल्द ही अपने संभावित चेहरों को लेकर तस्वीर साफ कर सकती है। गोदारा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजलदेसर में पिछले दो वर्षों से प्रशासक के कार्यकाल के दौरान नगरपालिका में भारी भ्रष्टाचार होने के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता आगामी चुनाव में हर वार्ड तक पहुंचेंगे और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। गोदारा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा अलग-अलग शपथ, भारत माता देवी देवताओं बहनों की सौगंध दिलवाकर जिस तरह प्रचार किया जा रहा है, उससे उनकी बेचैनी साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी नगरपालिका चुनाव में राजस्थान की जनता भाजपा को जवाब देने के लिए तैयार है। पर्यवेक्षक दिनेश कस्वां ने कहा कि कांग्रेस गरीब और आम आदमी को प्राथमिकता देकर सेवा की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान में भाजपा के शासन में आम जनता परेशान है और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जनता में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि आने वाले नगर निकाय चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। बैठक की खास बात यह रही कि कांग्रेस के कई पुराने पदाधिकारी, पूर्व पालिका अध्यक्ष, पूर्व उपाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता और युवा कार्यकर्ता एक ही जाजम पर नजर आए। चुनाव से पहले पार्टी में दिखाई दी यह एकजुटता कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब देखना होगा कि बैठक में लिए गए फीडबैक और वार्डवार समीकरणों के आधार पर पार्टी किन चेहरों पर भरोसा जताती है। बैठक में पूर्व पालिका अध्यक्ष हंसराज पारीक, पूर्व अध्यक्ष जब्बार खोखर, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष ओमप्रकाश कटारिया, चन्द्र प्रकाश घिंटाला, शरीफ छींपा, इदरीश खत्री, एडवोकेट गोविंद कठौड़, भवानी कच्छावा, पवन पांडे, सांवरमल शर्मा, प्रकाश खटीक, दीनदयाल खटीक, अशफाक बगड़, राहुल सैनी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष मोहनलाल मेघवाल, ताराचंद वाल्मीकि, अयूब बगड़, जीतूराम मेघवाल, मुंशी खां कलाल, बाबू कलाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।