15 दिन से पेयजल आपूर्ति बाधित, नए ट्यूबवेल की मांग
निसं
बीदासर (नवयत्न)। निकटवर्ती ग्राम पंचायत साण्डवा में पिछले करीब 15 दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पानी की आपूर्ति ठप होने से गांव की विशाल आबादी के सामने पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर पंचायत समिति सदस्य विक्रमसिंह राठौड़ ने जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राठौड़ ने बताया कि साण्डवा ग्राम पंचायत चूरू जिले की बड़ी ग्राम पंचायतों में शामिल है और यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण निवास करते हैं। वर्तमान में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बाधित होने के कारण लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों को पानी की व्यवस्था के लिए निजी साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि सरदारशहर के पास मुख्य जलापूर्ति व्यवस्था का ट्रांसफॉर्मर खराब होने के कारण पिछले करीब 15 दिनों से जलापूर्ति पूरी तरह प्रभावित है। बताया गया कि अभी तक नया ट्रांसफॉर्मर नहीं पहुंचने के कारण समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। लंबे समय से पानी नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों में रोष के साथ-साथ पेयजल को लेकर चिंता भी बढ़ती जा रही है।
स्थायी समाधान के लिए नए ट्यूबवेल की मांग
राठौड़ ने ज्ञापन में कहा कि साण्डवा की वर्तमान एवं भविष्य की आबादी और पेयजल की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए मौजूदा जलापूर्ति व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। उन्होंने ग्राम पंचायत साण्डवा में स्थायी पेयजल समाधान के लिए तत्काल एक से दो नए ट्यूबवेल स्वीकृत कर उनका निर्माण करवाने की मांग की। नए ट्यूबवेल बनने से गांव में पेयजल के वैकल्पिक स्रोत उपलब्ध होंगे और भविष्य में जल संकट की स्थिति से निपटने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने सरदारशहर के पास खराब पड़े ट्रांसफॉर्मर को तत्काल बदलवाकर मुख्य जलापूर्ति व्यवस्था को जल्द से जल्द बहाल करवाने की मांग की। राठौड़ ने जिला कलेक्टर से इस मामले को आमजन की गंभीर समस्या मानते हुए प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक एवं त्वरित दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया। राठौड़ ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए ग्रामीणों को लंबे समय तक परेशान होना उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर साण्डवा में जलापूर्ति सुचारू करवाने तथा स्थायी समाधान के लिए नए ट्यूबवेल स्वीकृत करवाने की मांग दोहराई।